लखीमपुर खीरी। भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव में शुक्रवार रात एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। पत्नी के मायके से आए लोगों के साथ विवाद के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में बिजुआ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार ने पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पल्हनापुर निवासी डोरे लाल का 26 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार की शादी इसी वर्ष 7 मई को कटैया गांव निवासी रोशनी के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के बाद से ही दंपती के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि रोशनी गर्भवती भी थी।
राजनीति का अपराधीकरण के बाद अब ‘अधिकारीकरण’ कर रही भाजपा:- अखिलेश यादव
परिवार के अनुसार, शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसकी जानकारी रोशनी के मायके पक्ष को होने के बाद उसके पिता ओमप्रकाश, भाई सुनील, जीजा समेत करीब 11 लोग तीन बाइकों से पल्हनापुर पहुंच गए। आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया और पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
परिजनों का कहना है कि हमले में पंकज को गंभीर चोटें आईं। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस से बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर भीरा थानाध्यक्ष अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत के कारणों की स्थिति भी स्पष्ट होगी।
भूकंप का सायरन बजते ही दौड़ीं टीमें, निघासन सीएचसी में हुआ राहत-बचाव का रिहर्सल।
















