लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र में करीब चार साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी खलील अहमद के घर को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद रही।
मामले की शुरुआत रविवार को हुई थी, जब सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब साढ़े चार साल की बच्ची बदहवास हालत में अपने घर पहुंची थी। परिजनों ने गांव के ही खलील अहमद पर बच्ची को रुपये देने का लालच देकर घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे पहले निघासन सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मोहसिन रजा को भाजपा ने दी नई बड़ी जिम्मेदारी, अल्पसंख्यक आयोग की संभालेंगे कमान।।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की, लेकिन छह सितंबर को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी निघासन ले जाते समय आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाया और एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं।
छह और सात सितंबर की मध्यरात्रि सिंगहा कलां बगिया मोड़ के पास पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम से आरोपी की मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर तमंचे से फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए निघासन सीएचसी भेजा। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
अब बुधवार को प्रशासन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद इलाके में यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में होने वाली कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थाने में चली गोली, महिला कॉन्स्टेबल की मौत, राइफल से फायर कैसे हुआ! जांच में जुटी पुलिस ।।
















