रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के बल्लीपुर गांव में शनिवार सुबह तेंदुए के हमले से एक महिला घायल हो गई। महिला पर तेंदुए ने उस समय हमला किया जब वह शौच के बाद गन्ने के खेत से वापस घर लौट रही थी। ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच गई और तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया।
नौगवां में घर के भीतर पहुंचा मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर शारदा नदी में छोड़ा।
जानकारी के अनुसार बल्लीपुर निवासी रामदेवी पत्नी चंद्रभाल, शनिवार सुबह घर के पास स्थित गन्ने के खेत में शौच के लिए गई थीं। लौटते समय जैसे ही वह खेत से बाहर निकलने लगीं, मेड़ पर पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से रामदेवी चीखने लगीं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग निकला। इसके बाद घायल रामदेवी को तत्काल सीएचसी पलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मझगईं वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। विभाग ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही उसके रेस्क्यू के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











