लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में अवैध रूप से वन उपज एकत्र करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त गश्त के दौरान दोनों आरोपियों को जंगल के भीतर दुर्लभ वन उपज ‘धरती का फूल’ निकालते हुए पकड़ा गया। उनके कब्जे से लगभग 20 किलोग्राम वन उपज बरामद की गई है।
वन विभाग के अनुसार मंगलवार को दक्षिण सोनारीपुर रेंज के गुलरा क्षेत्र में नियमित निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में गश्त कर रही टीम ने जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधियां देखीं। मौके पर पहुंचने पर दो व्यक्ति वन क्षेत्र से ‘धरती का फूल’ निकालते मिले, जिन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
Vivo X300 FE: प्रीमियम कैमरा और दमदार परफॉर्मेंस के साथ आया नया स्मार्टफोन।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान ग्राम मटैहिया, थाना मझगई निवासी छड़ीराम और मंशाराम के रूप में हुई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बरामद ‘धरती का फूल’ एक प्राकृतिक वन उत्पाद है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग होने के कारण इसकी अवैध तरीके से खुदाई और तस्करी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं।
वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुधवा टाइगर रिजर्व के संरक्षित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। विशेषकर वर्षा ऋतु में बाघ, तेंदुआ, हाथी और अन्य वन्यजीव अधिक सक्रिय रहते हैं, ऐसे में जंगल में अनधिकृत प्रवेश न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। विभाग ने लोगों से वन नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।











