लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गन्ना बीज उपलब्धता को लेकर एक नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है, जिससे अब किसान घर बैठे ही गन्ना बीज की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और राज्य मंत्री संजय गंगवार के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य किसानों को प्रमाणित और उन्नत किस्म का बीज उपलब्ध कराना है। अपर मुख्य सचिव (चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास) वीना कुमारी ने बताया कि विभाग द्वारा पहली बार बीज उपलब्धता की जानकारी को ऑनलाइन पोर्टल पर सार्वजनिक किया गया है।
अब किसान वेबसाइट 👉 www.enquiry.caneup.in� पर जाकर “बीज” सेक्शन में अपने नजदीकी गन्ना बीज धारक किसानों, उपलब्ध किस्मों और बीज की मात्रा की जानकारी आसानी से देख सकते हैं। पोर्टल पर गन्ना की संस्तुत किस्मों का पूरा विवरण भी दिया गया है, जिससे किसान अपनी जरूरत और क्षेत्र के अनुसार सही किस्म का चयन कर सकें।
इस नई व्यवस्था से बीज वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर ही बीज उपलब्ध होने से किसानों का समय और लागत दोनों बचेंगे।
यदि किसी किसान को पोर्टल इस्तेमाल करने में परेशानी होती है, तो वे टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने क्षेत्रीय गन्ना पर्यवेक्षक से सहायता ले सकते हैं।
निघासन में 4 करोड़ की उपमंडी में घटिया निर्माण! उद्घाटन से पहले ही उखड़ी सड़क।।





























