निघासन खीरी। बरोठा गांव को निघासन-झंडी हाईवे से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग निर्माण के करीब एक साल में ही धंसने लगा है। सड़क के पुलिया के पास मार्ग में धंसाव होने से इसकी निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का निर्माण शुरू होने के दौरान ही कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर उन्होंने विरोध जताया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। अब महज एक साल के भीतर ही पुलिया के पास सड़क धंसने लगी है, जिससे आने-जाने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
आखिर कौन है अंबेडकर नगर के नए CDO आईएएस वैभव मिश्रा? पढ़ें पूरी खबर
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग बरोठा गांव को निघासन-झंडी हाईवे से जोड़ने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और वाहन चालक इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क के धंसने से जहां आवागमन प्रभावित होने की आशंका है, वहीं बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क निर्माण में मानकों का सही ढंग से पालन किया गया होता तो इतनी कम अवधि में मार्ग धंसने की स्थिति नहीं आती। उन्होंने सड़क की तकनीकी जांच कराने, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने और क्षतिग्रस्त हिस्से को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो धंसाव बढ़ सकता है और मार्ग पर बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और सड़क की गुणवत्ता की जांच कब कराता है।
लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार का तबादला, योगानंद पांडेय होंगे नए मुख्य विकास अधिकारी।
















