लखीमपुर खीरी। पलिया-भीरा रोड पर शनिवार को रपटा पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक छात्राओं की पहचान निघासन क्षेत्र के बोझनपुरवा निवासी प्रियंका (24) और क्रांति (करीब 20) के रूप में हुई है। दोनों भीरा के संतगढ़ स्थित वन बीट कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। दुर्घटना में बाइक चला रहे करीब 32 वर्षीय युवक की भी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भीरा थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। तीसरे मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
लखीमपुर खीरी की राजनीति को बड़ा झटका, पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी का निधन।।

















