लखीमपुर खीरी। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटबंधों और नदी सुरक्षा कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने गुरुवार को शारदानगर बाढ़ खंड के अंतर्गत ऐरा पुल के निकट अम्बरपुर तटबंध पर चल रहे स्पर पुनरोद्धार कार्य का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्य की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
करीब 3.93 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत 165 मीटर लंबे स्पर को पुनर्स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना में नदी कटान रोकने के लिए जीआई वायर क्रेट में भरे गए मिर्जापुर स्टोन बोल्डरों से स्लोप पिचिंग एवं लॉन्चिंग एप्रन का निर्माण किया जा रहा है।
डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से पहले शेष कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित और मजबूत अवस्था में तैयार हो सके।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तटबंध सुरक्षा कार्यों की परखी मजबूती।।





























