लखीमपुर खीरी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ अब कार्रवाई का दौर तेज हो गया है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर प्रदेश के सात चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है, जिसमें गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के चिकित्सा अधीक्षक का नाम भी शामिल है।
लखीमपुर खीरी सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन बना काल, चार जिंदगियां बुझीं।
बताया जा रहा है कि निरीक्षण और विभागीय समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों के कार्यों में गंभीर अनियमितताएं एवं दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में लखीमपुर खीरी के अलावा बलरामपुर, वाराणसी, बदायूं और सम्भल जनपदों के चिकित्सा अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार यदि अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस सख्ती के बाद स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यप्रणाली में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
प्रदेश में गन्ने की फसल पर कीटों का खतरा बढ़ा, किसानों को जारी हुई एडवाइजरी।





























