नई दिल्ली। भारतीय संगीत जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल की रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ महीनों से वह अस्वस्थ चल रही थीं। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी था, लेकिन उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
उनके बेटे आनंद भोसले ने उनके निधन की पुष्टि की है। वहीं, उनकी पोती जनाई भोसले ने पहले हार्ट अटैक की खबरों का खंडन किया था। जानकारी के अनुसार, छाती में संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी।
आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में हजारों गीत गाकर संगीत की दुनिया में एक अमिट छाप छोड़ी। उनकी आवाज ने कई पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया और वह भारतीय सिनेमा की सबसे बहुमुखी गायिकाओं में से एक मानी जाती थीं।
उनके निधन से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। देश-विदेश के लाखों प्रशंसक और कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके जाने से एक युग का अंत हो गया, लेकिन उनकी मधुर और सदाबहार आवाज हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।
विज्ञापन
खामोश हुई सुरों की मलिका: आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन, संगीत जगत शोक में डूबा।।





























