निघासन खीरी। पचपेड़ी घाट स्थित पैंटून पुल के पास शारदा नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद शनिवार को बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी के सेट घाट रोड निवासी अजय कश्यप (25) पुत्र रामलाल कश्यप गुरुवार को अपने एक दोस्त के साथ पचपेड़ी घाट पैंटून पुल पर घूमने आया था। बताया जा रहा है कि दोनों ने शारदा नदी में स्नान किया। इसी दौरान अजय नदी में डूब गया। सूचना मिलने पर थाना फूलबेहड़ पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को उसका कोई पता नहीं चल सका।
बाबा का सपना किया साकार, सचिन वर्मा ने यूपीएससी में ऑल इंडिया 785 रैंक लाकर जिले का बढ़ाया गौरव।।
शनिवार की दोपहर अजय का शव पैंटून पुल से कुछ दूरी पर नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर मृतक के भाई मोहित कश्यप ने घटना पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अजय को बहला-फुसलाकर पचपेड़ी घाट लाया गया था। उनका कहना है कि शव मिलने पर अजय के नाक से खून निकल रहा था और गर्दन में सूजन भी दिखाई दे रही थी, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
गुमशुदा नाबालिग का शव मिलने के 4 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार।।

























