लखीमपुर खीरी। निघासन सिविल बार एसोसिएशन ने रामपुर बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता फारूख अहमद खां की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। घटना के विरोध में सिविल बार एसोसिएशन निघासन के अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन एसडीएम निघासन राजीव निगम को सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं पर हमलों की बढ़ती घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की मांग उठाई, ताकि न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े अधिवक्ताओं को विधिक और सुरक्षा संरक्षण मिल सके।
ज्ञापन में मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने, प्रदेश भर के अधिवक्ताओं को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा न्यायालय परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने सरकार से शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई करते हुए अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान बार एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
ये है अधिवक्ताओं की मांगे
- 1. अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम तत्काल प्रभाव से लागू किया जावे।
- 2. रामपुर के अधिवक्ता स्व० श्री फारूख अहमद खां के परिजनों को 50,00,000/- रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जावे।
- 3. प्रदेश भर के समस्त अधिवक्ताओं को सुरक्षा प्रदान की जावे।
- 4. न्यायालयों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जावे।
Nokia का 5G स्मार्टफोन, दमदार फीचर्स और किफायती कीमत के साथ बाजार में मचा रहा धमाल।।

























