मैगलगंज में इंटर कॉलेज के दो विद्यार्थियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्कूल ड्रेस में मिले शव; छात्रा के भाई ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
लखीमपुर खीरी। जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचे छात्र और छात्रा के शव बुधवार दोपहर एक पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव स्कूल की यूनिफॉर्म में थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों और परिजनों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। छात्रा के भाई ने बहन के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों विद्यार्थी मैगलगंज क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी थे और स्थानीय इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक बच्चों के वापस न आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने पर पता चला कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों छुट्टी के बाद एक साथ स्कूल से बाहर निकलते दिखाई दिए थे। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
बुधवार दोपहर दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने की खबर गांव पहुंचते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने शवों को तत्काल नीचे उतारने का विरोध किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
छात्रा के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में छात्रा के भाई ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन और उसके साथ मौजूद छात्र को बेरहमी से प्रताड़ित करने के बाद मौत के घाट उतारा गया और फिर दोनों के शव पेड़ से लटका दिए गए। भाई ने बहन के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका भी जताई है। उसका कहना है कि परिवार को न्याय चाहिए और घटना में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। छात्रा के शव से रक्तस्राव होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दुष्कर्म और हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिवार पहले भी झेल चुका है अपनों के लापता होने का दर्द
इस घटना ने परिवार के पुराने जख्म भी ताजा कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले छात्रा के पिता भी अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका था। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद मैगलगंज थाने के कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई थी। वहीं, करीब पांच महीने पहले छात्रा का भाई भी लापता हो गया था, जिसे बाद में सीतापुर रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया था।
प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर जांच
दो विद्यार्थियों की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही मैगलगंज थाना पुलिस के साथ सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग के पहलू को भी ध्यान में रख रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि किसी एक संभावना के आधार पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
सीओ यदुवेंद्र यादव के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि छात्रा के भाई की ओर से लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल दो विद्यार्थियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्कूल से निकलने के बाद दोनों के साथ आखिर क्या हुआ? पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
भतीजी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गए चाचा, गन्ने के खेत में 100 मीटर तक चला संघर्ष।

















