रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के तमोलिनपुरवा बांध कटने के बाद क्षेत्र के दर्जनों गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। लगातार फैलते पानी के कारण ग्रामीणों के सामने घर-गृहस्थी बचाने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है। गौढ़ीपुरवा, चंदनपुरवा, तमोलिनपुरवा, झंडी, टापरपुरवा, लोनियनपुरवा, बरोठा और कुर्मीनपुरवा समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है।
बाढ़ के पानी ने ग्रामीण जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। घरों में पानी भरने से लोगों को सुरक्षित स्थानों की तलाश करनी पड़ रही है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों के सामने भोजन बनाने और अन्य जरूरी कामों के लिए भी परेशानी खड़ी हो गई है।
सांप देखते ही लाठी उठाने से पहले जानें इसकी खासियत, किसानों के लिए बेहद उपयोगी है सैंड बोआ।
बरोठा पंचायत निवासी विनोद कुमार भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं। उनके घर में पानी भर जाने के बाद उन्हें अपने परिवार के साथ घर छोड़कर सड़क किनारे तंबू लगाकर रहने को मजबूर होना पड़ा है। परिवार खुले आसमान के नीचे अस्थायी ठिकाने में रहकर बाढ़ का पानी उतरने का इंतजार कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बांध कटने के बाद तेजी से बढ़े पानी ने कई गांवों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोगों को अपने घर, सामान और परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत, भोजन, सुरक्षित ठिकाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

















