रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद खीरी की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध रही है, और इन्हीं प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों में एक नाम है नेशनल शूटर व स्वर्ण पदक विजेता जी.एस सिंह का, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन और मजबूत इरादों के दम पर जिले का नाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक रोशन किया है। जी.एस. सिंह वर्तमान में रायफल एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव भी हैं और निशानेबाजी के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माने जाते हैं।

जी.एस सिंह की पहचान सिर्फ एक उत्कृष्ट शूटर के रूप में ही नहीं, बल्कि एक सादगीपूर्ण, ईमानदार और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में भी है। वे हमेशा युवाओं को जीवन में “सच बोलने और सच्चाई के रास्ते पर चलने” का संदेश देते हैं। उनका मानना है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी से मिलती है।
खेल के साथ-साथ जी.एस सिंह ने राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। वे निघासन विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रह चुके हैं। चुनाव में भले ही उन्हें जीत न मिल सकी, लेकिन उन्होंने पार्टी को करीब 20 हजार अतिरिक्त वोट दिलाकर अपनी मजबूत जनस्वीकार्यता का परिचय दिया। उनकी साफ-सुथरी छवि और सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र की जनता में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त है। वर्तमान समय में वे भाजपा से जुड़े हुए हैं और जिले की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

जी.एस सिंह के बेटे विकास सिंह तोमर भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए निशानेबाजी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते हैं, जिससे परिवार और जिले का नाम और ऊंचा हुआ है।

खेल और राजनीति के साथ-साथ जी.एस सिंह खेती-किसानी में भी गहरी रुचि रखते हैं। किसान परिवार से होने के कारण उनका जुड़ाव खेती से स्वाभाविक है। वे मुख्य रूप से गन्ना, केला, धान, गेहूं और सरसों जैसी फसलों की उन्नत खेती करते हैं। गन्ने की विभिन्न किस्मों पर उन्होंने प्रयोग भी किए हैं, जिसके कारण क्षेत्र में उन्हें प्रगतिशील किसान के रूप में भी सम्मान मिलता है।





























