रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद के थाना निघासन क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है।
थाना निघासन क्षेत्र के गांव मटैहिया में रहने वाले लक्ष्मण का परिवार बेहद गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। हालात इतने खराब हैं कि जिस दिन लक्ष्मण मजदूरी पर न जाए, उस दिन घर का चूल्हा तक नहीं जलता। उनकी पत्नी एक हाथ से विकलांग हैं, जिससे परिवार की जिम्मेदारियां और भी बढ़ गई हैं।
कुछ ही दिन पहले इलाज के अभाव में लक्ष्मण के छोटे बेटे की मौत हो गई थी। परिवार अभी इस गहरे सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि होली का त्योहार आ गया। बच्चों की निगाहें हर पल दरवाजे की ओर टिकी रहती थीं, मानो कोई उनकी सूनी होली में भी रंग भर दे।
इसी बीच बुधवार को थाना निघासन के कोतवाल महेश चंद के निर्देश पर झंडी चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह गरीब लक्ष्मण के घर पहुंचे। पुलिस को देख पहले तो परिवार घबरा गया, लेकिन जब मदद का उद्देश्य पता चला तो मायूस चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने परिवार को होली की शुभकामनाएं देते हुए राशन सामग्री और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही बच्चों को पिचकारी और गुलाल भी दिया। रंग और पिचकारी पाकर बच्चों के चेहरे पर लंबे समय बाद सच्ची खुशी देखने को मिली। पुलिस की इस मानवीय पहल से अब लक्ष्मण का परिवार भी होली का त्योहार हंसी-खुशी मना पाया। यह पहल न सिर्फ मदद है, बल्कि समाज के लिए एक संदेश भी है कि त्योहार की असली खुशी जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है।

























