लखनऊ। बरेली दक्षिण की एसपी अंशिका बिश्नोई और जनपद संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने रविवार को जोधपुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह कर लिया।

इस भव्य समारोह में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और मित्र शामिल हुए। दुल्हन अंशिका का परिवार प्रयागराज से जोधपुर पहुंचा, जबकि दूल्हे कृष्ण कुमार बिश्नोई की बारात राजस्थान के बाड़मेर से रवाना होकर जोधपुर पहुंची।

बताया जाता है कि दोनों अधिकारियों की पहली मुलाकात गोरखपुर में हुई थी, जब अंशिका बिश्नोई वहां एएसपी के पद पर तैनात थीं और उस समय कृष्ण कुमार बिश्नोई जिले के एसपी थे।

पेशेवर परिचय धीरे-धीरे आपसी समझ और स्नेह में बदला और समय के साथ दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह का रूप देने का निर्णय लिया।

जोधपुर में आयोजित विवाह समारोह बेहद आकर्षक और पारंपरिक अंदाज में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा। सेवा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए जीवनसाथी बनने वाले इस जोड़े को शुभकामनाएं मिल रही हैं और यह जोड़ी इन दिनों इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है।





























