निघासन खीरी। दक्षिण निघासन रेंज के अंतर्गत बिहारीपुरवा गांव और गोविंदपुर फार्म क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए का आतंक बना हुआ था। तेंदुआ लगातार गांव के आसपास दिखाई दे रहा था और कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बना चुका था। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर थे और खेतों में जाना भी मुश्किल हो गया था।
ग्रामीणों द्वारा लगातार दी जा रही सूचना के बाद वन विभाग हरकत में आया। शुक्रवार देर शाम को रेंजर मोहम्मद आरिफ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की। टीम ने तेंदुए की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए इलाके में पिंजड़ा लगाकर जाल बिछाया।
पचपेड़ी घाट पैंटून पुल पर डूबे युवक का मिला शव, नाक से खून व गर्दन में सूजन से उठे सवाल।।
वन विभाग की सतर्कता और सटीक योजना का असर जल्द ही दिखाई दिया। करीब दो घंटे की कड़ी निगरानी और इंतजार के बाद तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़ में आते ही मौके पर मौजूद वन दरोगा अखिलेश रावत व टीम ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से तेंदुए के डर से लोग बेहद परेशान थे। बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा था।
रेंजर मोहम्मद आरिफ ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार इटावा लाइन सफारी में छोड़ा जाएगा।
बाबा का सपना किया साकार, सचिन वर्मा ने यूपीएससी में ऑल इंडिया 785 रैंक लाकर जिले का बढ़ाया गौरव।।

























