रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। शनिवार को निघासन तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान एडीएम ने तहसील परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आपूर्ति कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव और फाइलों की अव्यवस्थित स्थिति देखकर एडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पाया कि कई महत्वपूर्ण कागजातों पर आवश्यक स्लिप तक चस्पा नहीं थीं और रिकॉर्ड व्यवस्थित ढंग से संधारित नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने संबंधित आपूर्ति निरीक्षक को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
एडीएम ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यालयों में अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यालयीन अनुशासन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए तथा शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान उनके साथ एसडीएम निघासन राजीव निगम भी व नायब तहसीलदार दिव्यांशु शाही भी मौजूद रहे।

























