रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद की विधानसभा पलिया क्षेत्र के गांव बोझवा (मरुआ पश्चिम) में बीते दिनों हुए भीषण अग्निकांड में दो परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। आग की लपटों ने बोझवा निवासी छत्रपाल पुत्र अनंतराम और खुशीराम पुत्र डोरे लाल के घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और जरूरी कागजात तक जल गए, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पलिया क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक रोमी साहनी पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और तत्काल राहत देते हुए दोनों परिवारों को 20-20 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी बात की।
विधायक रोमी साहनी ने पलिया के एसडीएम से दूरभाष पर वार्ता करते हुए कहा कि अग्निपीड़ितों को शीघ्र सरकारी मुआवजा और आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि परिवारों को जल्द राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से स्थायी सहायता की मांग की है।

























