लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई की है। गौरीफंटा बॉर्डर पर 39वीं वाहिनी SSB के जवानों ने गश्त के दौरान दो नाबालिग लड़कों को पकड़कर उनके कब्जे से 215 नग विभिन्न प्रकार के कपड़े बरामद किए हैं। बरामद कपड़ों को नेपाल ले जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, SSB के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो नाबालिग संदिग्ध परिस्थितियों में कपड़ों के साथ मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से 215 नग कपड़े बरामद हुए। इनमें 58 शॉल, 49 लेडीज सूट, साड़ियां, गर्म सूट समेत विभिन्न प्रकार के कपड़े शामिल हैं।
पकड़े गए नाबालिगों की पहचान बनगांव निवासी आदर्श राना (15 वर्ष) और सुगम राना (14 वर्ष) के रूप में हुई है। SSB ने दोनों नाबालिगों और बरामद कपड़ों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय गौरीफंटा के सुपुर्द कर दिया है।
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

















