लखीमपुर खीरी। बीमारी से जूझ रहे किसी जरूरतमंद के लिए समय पर मिलने वाली आर्थिक मदद किसी बड़ी उम्मीद से कम नहीं होती। निघासन ब्लॉक की सिधौना ग्राम पंचायत के बेनीपुरवा गांव की बुजुर्ग साबिरा के परिवार के लिए भी समाजसेवियों की पहल राहत बनकर आई है। कैंसर की आशंका के बीच आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के सामने इलाज के लिए लखनऊ पहुंचना भी बड़ी चुनौती बना हुआ था। ऐसे में मदद के लिए हाथ आगे बढ़े हैं।
रविवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह बेनीपुरवा गांव पहुंचे और बुजुर्ग साबिरा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने इलाज में सहयोग के उद्देश्य से परिवार को आर्थिक सहायता दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि आगे भी जरूरत पड़ने पर परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव मदद की जाएगी।
दरअसल, साबिरा का परिवार बेहद सीमित संसाधनों में जीवन गुजार रहा है। इसी बीच उनकी तबीयत बिगड़ने और कैंसर की आशंका ने परिवार की चिंता बढ़ा दी। किसी तरह आयुष्मान कार्ड तो बन गया, लेकिन जांच और उपचार के लिए लखनऊ जाने का किराया तक जुटा पाना मुश्किल हो रहा था। आर्थिक तंगी के चलते इलाज की राह में कई बाधाएं खड़ी हो गई थीं।
मुश्किल वक्त में मदद बनी उम्मीद
आर्थिक संकट के बीच मिली इस सहायता से परिवार को कुछ राहत जरूर मिली है। हालांकि साबिरा को अभी बेहतर जांच और उपचार की जरूरत है। ऐसे में परिवार को उम्मीद है कि आगे भी लोगों का सहयोग मिलता रहेगा और उनके इलाज का रास्ता आसान हो सकेगा।
जरूरतमंद के घर तक पहुंचकर उसकी परेशानी समझना और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना समाजसेवा की ऐसी पहल है, जो मुश्किल हालात में किसी परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है।

















