रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
निघासन (लखीमपुर खीरी)। वन क्षेत्र लुधौरी के अंतर्गत झंडी गांव में बूढ़े बाबा स्थान के पास ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा। तेंदुए को देखते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद वह पास के गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर वन दरोगा अखिलेश रावत वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में पैदल गश्त कर तेंदुए की तलाश की।
गौरतलब है कि करीब दो दिन पहले झंडी के समीप स्थित टॉपरपुरवा गांव के लोगों ने भी तेंदुए को देखा था। लगातार आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को बच्चों और खेतों में काम करने वाले किसानों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए उचित स्थान पर पिंजरा लगवाने की मांग की है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की सलाह दी है।
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, खाते में पैसा आया या नहीं? मोबाइल से ऐसे करें चेक।

















