रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव सिधौना स्थित फुटहा फार्म में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक तेंदुए ने घर के अंदर से सात वर्षीय मासूम बच्ची को उठाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जोगी सिंह की सात वर्षीय पुत्री सिमरन बुधवार शाम करीब सात बजे घर के अंदर मौजूद थी। तभी अचानक एक तेंदुए ने घर में घुसकर बच्ची को उठा लिया। परिजन शोर मचाते हुए पीछे दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी तलाश के बाद बच्ची का शव करीब 500 मीटर दूर खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना मिलते ही ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह के साथ सिख समाज के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर फुटहा फार्म पर पूरी रात धरने पर बैठे रहे। धरने के दौरान ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 21 लाख रुपये मुआवजा देने, जंगल की फेंसिंग कराने और आत्मरक्षा में जंगली जानवर की हत्या होने पर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की मांग उठाई।
गुरुवार सुबह डीएफओ कीर्ति चौधरी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार व धरनारत लोगों से वार्ता की। बातचीत के बाद सहमति बनी कि पीड़ित परिवार को तत्काल 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही शासन को मुआवजा राशि बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पीड़ित परिवार को एक आवास उपलब्ध कराने और उनके घर के चारों ओर तत्काल बाउंड्री वॉल बनवाने का आश्वासन भी दिया गया है। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजरे पहले से ही लगे है आवश्यकता अनुसार पिंजरे और भी लगाए जाएंगे जिससे तेंदुए को जल्द पकड़ा जा सके और वनविभाग के द्वारा उस क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
इस दौरान डीएफओ कीर्ति चौधरी, एसडीओ मनोज तिवारी, एसडीएम राजीव निगम, सीओ शिवम कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह, किसान नेता जसपाल सिंह पल्ला के साथ भारी संख्या सिख समुदाय के लोग व पुलिस बल मौजूद रहा।
विज्ञापन
मासूम बच्ची को तेंदुए ने बनाया शिकार! मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर पूरी रात चला धरना, इस बात पर बनी सहमति।





























