निघासन खीरी। क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। बरोठा ईदगाह सहित लालपुर, हरसिंगपुर, बिनौरा, मिर्जागंज, झंडी और रकेहटी की ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन, शांति तथा तरक्की के लिए दुआ मांगी।
रमजान के पाक महीने के अंतिम जुमे को अलविदा की नमाज के बाद शनिवार को ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के पश्चात ईदगाहों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बरोठा गांव की ईदगाह पर हर वर्ष की तरह गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग भी अपने मुस्लिम भाइयों को बधाई देने पहुंचे।
इस अवसर पर ग्राम रोजगार सेवक अमर प्रकाश शुक्ला, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रहास राज, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि राजेश राज, भरोसे राज, मुन्ना लाल पैकरमा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निघासन कोतवाल महेश चंद व झंडी चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
नौ वर्षीय हस्सान ने रखे पूरे रमजान के रोजे, पांचों वक्त की नमाज से पेश की मिसाल।





























