रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
निघासन खीरी। होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसपी ख्याति गर्ग के निर्देशानुसार थाना निघासन पुलिस ने कस्बे में सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कोतवाल महेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर लोगों से संवाद किया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
सोमवार को सिंगाही, पलिया, ढखेरवा व झंडी रोड समेत अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने व्यापारियों और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। त्योहार के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल पूछताछ कर आवश्यक हिदायत दी गई।
अपने निशाने से जिले का गौरव बढ़ाने वाले नेशनल शूटर स्वर्ण पदक विजेता जी.एस सिंह की प्रेरक उड़ान।।
कोतवाल महेश चंद्र ने कस्बा दरोगा को मुख्य चौराहे पर तैनात कर प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखने के निर्देश दिए साथ ही सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वालों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो।
कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि होली जैसे प्रमुख त्योहार पर बाजारों में स्वाभाविक रूप से अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में शरारती तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और निरंतर गश्त की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस दौरान क्राइम इंस्पेक्टर दिनेश तिवारी, झंडी चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह, दरोगा आदित्य यादव, दरोगा दिनेश सिंह सहित थाना निघासन का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

























