रिपोर्ट:- शरद मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद लखीमपुर खीरी की नगर पंचायत निघासन के रकेहटी निवासी व भाजपा के निघासन मंडल अध्यक्ष तथा सहकारी क्रय-विक्रय समिति निघासन के निर्विरोध अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पाण्डेय पर शहर निवासी सूर्यमणि मिश्रा ने नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख 50 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नौकरी न लगने पर जब धनराशि वापस मांगी गई तो अभद्र व्यवहार किया गया। इस संबंध में कोतवाली सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं, देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और साजिश करार दिया है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 की शाम लगभग साढ़े पांच बजे सूर्यमणि मिश्रा व संजय मिश्रा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ सहकारी क्रय-विक्रय समिति निघासन के कार्यालय में जबरन घुस आए। उनका आरोप है कि आरोपियों ने दो लाख रुपये की अवैध मांग की, हाथापाई की और उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये छीन लिए, साथ ही सरकारी अभिलेखों को भी नुकसान पहुंचाया।
भीषण सड़क हादसा, लकड़ी लदी ट्रॉली से भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवकों की दर्दनाक मौत।।
देवेंद्र पाण्डेय का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी तथा मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारियों को प्रार्थनापत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि उक्त घटना के बाद उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से ही उनके विरुद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उन्होंने कहा कि यदि वे किसी को नौकरी दिलाने की स्थिति में होते तो सबसे पहले अपने परिजनों को लाभ पहुंचाते। उन्होंने चुनौती दी कि यदि 8.50 लाख रुपये दिए गए हैं तो उसका कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रार्थनापत्र में धनराशि देने की तिथि 18 जनवरी 2019 दर्शाई गई है, जबकि रिपोर्ट वर्ष 2026 में दर्ज कराई गई है। सात वर्षों तक न तो कोई विधिक नोटिस भेजा गया, न कोई सिविल वाद दायर किया गया और न ही किसी सक्षम अधिकारी से शिकायत की गई, जो स्वयं संदेह उत्पन्न करता है।
देवेंद्र पाण्डेय ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ डिजिटल मीडिया मंचों पर उनकी फोटो लगाकर भ्रामक समाचार प्रसारित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित पत्रकारों को नोटिस देते हुए खंडन प्रकाशित करने की बात कही है अन्यथा उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























