लखनऊ। यूपी के जिला महोबा में जलजीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली को लेकर उस समय बड़ी सियासी हलचल देखने को मिली, जब जनपद महोबा की विधानसभा चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों और लगभग सौ प्रधानों के साथ यूपी भाजपा के जलशक्ति कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को सड़क पर ही रोक दिया।
भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत का कहना था कि जलजीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोद दी गई मगर ग्रामीणों को न तो स्वच्छ पेय जल मिला और न ही सड़कों को मरम्मत की गई जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस सवाल को लेकर वह पहले भी कई बार जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और अधिकारियों को अवगत करा चुके थे, लेकिन उनकी इस बात को नजरअंदाज किया गया। इसी बात के चलते विधायक बृजभूषण राजपूत ने खुलकर विरोध जताया। इस दौरान विधायक समर्थकों और पुलिस के बीच भी हल्की झड़प हुई।
हालात को संभालते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक, प्रधानों और अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां घंटों बैठक हुई और समस्याओं के निस्तारण की बात कही गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गांवों की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार, सरकार दे रही डेयरी योजना पर लोन!! जाने पूरी प्रक्रिया
कौन है विधायक बृजभूषण राजपूत?
जनपद महोबा के विधानसभा चरखारी से विधायक बृजभूषण राजपूत कोई नए या अनुभवहीन नेता नहीं हैं। उनका जन्म 28 मई 1982 को जालौन के उरई में हुआ था। वह एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता गंगा चरण राजपूत तीन बार लोकसभा सांसद और एक बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं, जिनका दबंग राजनीतिक अंदाज और आंदोलनों का लंबा इतिहास रहा है। ऐसे में महोबा में मंत्री का काफिला रोकने की घटना को बुंदेलखंड की सियासत में एक अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। विधायक बृजभूषण राजपूत दो बार के विधायक है और वह समय समय पर जनता की मांगों को लेकर चर्चा में रहते है। बताया जाता है कि विधायक बृजभूषण राजपूत भगवान शिव के भक्त है और जनता के सुख दुख को ही अपना सुख दुख समझते है। यही कारण है कि चरखारी विधानसभा में इनके कार्यों और व्यवहार को लोग जमकर सराहते है। विधायक का कहना है कि हमें विधायक जनता ने बनाया है इसलिए जनता की समस्याओं के निदान हेतु हमें कुछ भी करना पड़े हम करेंगे।
कभी सत्ता की सबसे मजबूत धुरी रहीं मायावती आज यूपी की राजनीति के हाशिये पर खड़ी, आखिर क्यों?
























